Showing posts with label उत्तरप्रदेश. Show all posts
Showing posts with label उत्तरप्रदेश. Show all posts

Tuesday, February 13, 2018

PRITHVINATH MANDIR - GONDA - गोंडा के इस मंदिर में है एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग

गोंडा के इस शिव मंदिर में है भीम द्वारा स्थापित एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग

पुरातत्व विभाग की जांच में पता चला कि यह एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है, जो 5000 वर्ष पूर्व महाभारत काल का है।

खरगूपुर स्थित प्राचीन पृथ्वीनाथ मंदिर शिवभक्तों की आस्था का प्रमुख केंद्र है। दावा किया जाता है कि यह एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है। किवदंती है कि द्वापर युग में अज्ञातवास के दौरान भीम ने इस शिवलिंग की स्थापना की थी। इसकी ऊंचाई इतनी है कि एड़ी उठाकर ही जलाभिषेक किया जाता है। पुरातत्व विभाग द्वारा संरक्षित मंदिर में महाशिवरात्रि पर देश ही नहीं बल्कि नेपाल तक के श्रद्धालु भी दर्शन-पूजन करने आते हैं।

जिला मुख्यालय से करीब 30 किलोमीटर की दूरी पर पृथ्वीनाथ मंदिर है। मंदिर में स्थापित पांच फीट ऊंचा शिवलिंग काले कसौटी के दुर्लभ पत्थरों से बना हुआ है। टीले पर स्थित इस मंदिर के बारे में जानकारों का कहना है कि मुगल सम्राट के कार्यकाल में उनके किसी सेनापति ने यहां पूजा अर्चना की थी और मंदिर का जीर्णोद्धार कराया था। भीम द्वारा स्थापित यह शिवलिंग धीरे-धीरे जमीन में समा गया। कालांतर में खरगूपुर के राजा मानसिंह की अनुमति से यहां के निवासी पृथ्वीनाथ सिंह ने मकान निर्माण कराने के लिए खोदाई शुरू करा दी।


उसी रात पृथ्वी सिंह को स्वप्न में पता चला कि नीचे सात खंडों का शिवलिंग दबा है। उन्हें एक खंड तक शिवलिंग खोजने का निर्देश हुआ। इसके बाद शिवलिंग खोदवाकर पूजा-अर्चना शुरू करा दी। कालांतर में उनके नाम पर ही पृथ्वीनाथ मंदिर विख्यात हो गया। लगभग चार दशक पूर्व पुरातत्व विभाग की जांच में पता चला कि यह एशिया का सबसे बड़ा शिवलिंग है, जो 5000 वर्ष पूर्व महाभारत काल का है। मंदिर के पुजारी श्याम कुमार गोस्वामी ने बताया कि मंदिर प्राचीन महत्व का है। भक्तों का कहना है कि यहां सच्चे मन से जलाभिषेक तथा दर्शन पूजन करने से मनवांछित फल प्राप्त होता है।

साभार: दैनिक जागरण, अजय सिंह 

Sunday, July 31, 2016

DEVI PATAN TEMPLE - देवीपाटन मंदिर

देवीपाटन मंदिर - हिन्दुत्व की सतत् जलती मशाल

उत्तर प्रदेश के बलरामपुर जिले में स्थित देवीपाटन मंदिर राज्य ही नहीं, पूरे भारत में हिन्दुत्व की सतत जलती मशाल का एक अनोखा उदाहरण है।




पौराणिक मान्यता के अनुसार देवीपाटन मंदिर ही वह स्थल है, जहां देवी सती का वाम स्कंध वस्त्र सहित गिरा था और यही वह स्थान है, जहां सीता जी धरती माता के साथ पाताल में समा गई थीं। इसीलिए इसका नाम पातलेश्वरी पड़ा था, जिसे बाद में पाटेश्वरी नाम से जाना जाने लगा। यह मंदिर सिरिया नदी के किनारे अवस्थित है। मंदिर देशभर में फैले 51 शक्तिपीठों में से एक है। पुराणों के अनुसार महादेवी सती के पिता दक्ष प्रजापति ने अपने यज्ञ में सभी देवी-देवताओं को आमंत्रित किया था, लेकिन सती के पति भगवान शंकर को आमंत्रित नहीं किया। इससे नाराज सती अपने मायके में धू-धूकर जल रही यज्ञशाला में कूद पड़ीं और अपने प्राण त्याग दिये। यह समाचार जब भगवान शंकर को मिला तो उन्होंने दक्ष प्रजापति के घर पहुंचकर वहां यज्ञ को विध्वंस कर दिया और सती के शव को लेकर आकाश में तांडव नृत्य करने लगे। सभी देवी-देवता यह देखकर घबरा गये और उन्हें लगा कि अब प्रलय हो जायेगी। सभी ने भगवान विष्णु से इस विनाश से बचाने की गुहार लगायी। तब भगवान विष्णु ने लोक कल्याणार्थ अपने सुदर्शन चक्र से सती के अंगों को काट डाला। महादेवी सती के कटे अंग भारत के जिन-जिन स्थानों पर गिरे, उन्हें सिद्ध शक्तिपीठ माना गया। इस तरह 51 शक्तिपीठ हैं। लेकिन उपवस्त्रों, उपांगों और आभूषणों के गिरने के स्थानों को मिलाकर ऐसे स्थानों की संख्या 108 है। इस स्थान की पुष्टि पुराणों में उल्लिखित इस श्लोक से भी होती है-

पटेन सहित स्कन्ध पपात्र यत्र भूतले, तत्र पाटेश्वरी देवी इति ख्याता महीतले।

लोकश्रुति के अनुसार त्रेतायुग में भगवान श्रीराम अपनी अर्धांगिनी देवी सीता को राक्षस रावण के संहार के बाद जब अयोध्या लाये तो उन्हें पुन: अग्नि परीक्षा देनी पड़ी। हालांकि लंका में ही उन्होंने अग्नि में प्रवेश कर परीक्षा दे दी थी। सीता को काफी दु:ख हुआ। जिस धरती माता की गोद से उनका प्रादुर्भाव हुआ था उसी मां को उन्होंने पुकारा तो जमीन फट गयी और एक सिंहासन पर बैठकर पाताल लोक से ऊपर आयीं। अपनी धरती मां के साथ सीता जी भी पाताल लोक चली गयीं। इसलिए इस स्थान का नाम पातलेश्वरी देवी पड़ा, जो कालांतर में पाटेश्वरी देवी नाम से विख्यात हुआ। आज भी मंदिर में पाताल तक सुरंग बताई जाती है, जो चांदी के चबूतरे के रूप में दृष्टिगत है। प्रसाद पहले इसी चबूतरे पर चढ़ाया जाता था लेकिन सुरक्षा की दृष्टि से अब प्रसाद बाहर चढ़ाया जाता है। चबूतरे के पास एक भव्य दुर्गा प्रतिमा स्थापित है।

देवीपाटन मंदिर भारत-नेपाल के बीच मित्रता को न केवल सतत अक्षुण्ण बनाये हुए है, वरन उसे प्रगाढ़ बनाये रखने में महती भूमिका निभाता है। नेपाल के दांग-चोघड़ा मठ में स्थापित पीर रत्ननाथ को सिद्धि भी देवीपाटन में मिली थी। भगवान शिव के अवतार के रूप में अवतरित गुरु गोरक्षनाथ के शिष्य रत्ननाथ के दो मठ थे। रत्ननाथ की तपस्या से खुश होकर मां साक्षात् प्रकट हुर्इं और वर मांगने के लिए कहा तो पीर रत्ननाथ ने उनसे यही वर मांगा कि उनकी पूजा इस मठ में भी हो। मां दुर्गा ने उनको ऐसा ही आशीर्वाद दिया। देवीपाटन मंदिर में नेपाल से पीर रत्ननाथ की शोभायात्रा प्रत्येक वासंती नवरात्र की पंचमी को यहां पहुंचती है और पांच दिन तक वहां से आये पुजारियों द्वारा मंदिर में पूजा के साथ-साथ रत्ननाथ की भी पूजा की जाती है। इस दौरान मंदिर में लगे घंटे आदि नहीं बजाये जाते हैं। रत्ननाथ की पूजा में शामिल होने के लिए भारत और नेपाल के हजारों श्रद्धालु भी इस अवसर पर मौजूद रहते हैं।

यह स्थल कई महापुरुषों की कर्मस्थली का साक्षी भी है। मंदिर के इतिहास के अनुसार भगवान परशुराम ने यहीं तपस्या की थी। द्वापर युग में सूर्यपुत्र कर्ण ने भी यहीं भगवान परशुराम से दिव्यास्त्रों की दीक्षा ली थी। कहते हैं कर्ण मंदिर के उत्तर स्थित सूर्यकुड में प्रतिदिन स्नान कर उसी जल से देवी की आराधना करते थे। वही परंपरा आज भी चली आ रही है। इस मंदिर का जीर्णोद्धार राजा कर्ण ने कराया था। औरंगजेब ने अपने सिपहसालार मीर समर को इसे नष्ट और भ्रष्ट करने का जिम्मा सौंपा था, जो सफल नहीं हो सका और देवी प्रकोप का शिकार हो गया। उसकी समाधि मंदिर के पूरब में आज भी अवस्थित है।

साभार : शशि सिंह, पाञ्चजन्य

Friday, October 4, 2013

VISHALAKSHI MANDIR KASHI - काशी विशालाक्षी मंदिर


माँ विशालाक्षी देवी ( चित्र साभार: KALIBHAKTI.COM)

काशी विशालाक्षी मंदिर हिन्दू धर्म के प्रसिद्ध 51 शक्तिपीठों में से एक है। यह मंदिर उत्तर प्रदेश के प्राचीन नगर काशी (वाराणसी) में काशी विश्वनाथ मंदिर से कुछ ही दूरी पर स्थित है। ऐसी मान्यता है कि यह यह शक्तिपीठ मां दुर्गा की शक्ति का प्रतीक है। हर साल लाखों श्रद्धालु इस शक्तिपीठ के दर्शन करने के लिए आते हैं। यहां आने वाले हिंदू श्रद्धालु विशालाक्षी को 'मणिकर्णी' के नाम से भी जानते हैं।

पौराणिक कथा

हिन्दुओं की मान्यता के अनुसार यहां देवी सती के दाहिने कान के कुंडल गिरे थे। यहां पर भक्त शुरू से ही देवी मां के रूप में विशालाक्षी तथा भगवान शिव के रूप में काल भैरव की पूजा करते आ रहे हैं। दुर्गा पूजा के समय विशालाक्षी मंदिर में भक्तों की भीड़ देखते ही बनती है। इस दौरान यहां भक्त दिन-रात मां दुर्गा की आराधना करते हैं।

काशी विश्वनाथ मंदिर

हिंदू धर्म में काशी विश्वनाथ का अत्यधिक महत्व है। कहते हैं काशी तीनों लोकों में न्यारी नगरी है, जो भगवान शिव के त्रिशूल पर विराजती है। मान्यता है कि जिस जगह ज्योतिर्लिंग स्थापित है वह जगह लोप नहीं होता और जस का तस बना रहता है। कहा जाता है कि जो श्रद्धालु इस नगरी में आकर भगवान शिव का पूजन और दर्शन करता है उसको समस्त पापों से मुक्ति मिलती है।

काशी विशालाक्षी मंदिर के पास और दूसरे स्मारक भी हैं जिन्हें आप देख सकते हैं जैसे काल भैरव मंदिर, पर्यटक स्थल ओम शांति योग निकेतन, शिव म्यूजिकल हाउस आदि।

कैसे पहुंचें

उत्तर भारत में स्थापित काशी विशालाक्षी मंदिर के दर्शन करने के लिए आपको सबसे पहले वाराणसी शहर में आना होगा। इसके लिए यातायात की अच्छी व्यवस्था की गई है। आप या तो हवाई यात्रा करके वाराणसी पहुंच सकते हैं या फिर रेल और सड़क के जरिए पवित्र काशी नगरी जा सकते हैं।

साभार: दैनिक जागरण 

Thursday, May 30, 2013

मां श्री त्रिपुर बाला शक्ति पीठ - देवबंद - MA BALASUNDRI - DEVBAND

माँ त्रिपुर बाला सुन्दरी 


मां श्री त्रिपुर बाला शक्ति पीठ की क्षेत्र में ही नहीं, बल्कि पूरे भारत में अलग पहचान है। नवरात्र के शुरुआत से ही यहां देश के कोने-कोने से श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हो जाती है।

मां श्री त्रिपुर बाला सुंदरी शक्ति पीठ की स्थापना आदि अनादी काल से पूर्व हुई थी। जहां आज यह शक्ति पीठ विराजमान है, पुराणकाल में यहां घना जंगल था। इस कारण यह देवी वन कहलाता था। उन दिनों पतित पावनी गंगा भी इसी क्षेत्र से होकर बहती थी। देवी कुंड का भी एक अपना अलग ही महत्व है, क्योंकि महाभारत काल में पांड़व भी अपने अज्ञात वास की कुछ अवधि में यहां रुके थे। वीर अर्जुन ने भी इसी दौरान यहीं शक्ति साधना की थी। मां श्री बाला सुंदरी महाशक्ति जगदंबा का एक रूप है। ब्रह्म, विष्णु ओर रूद्र ये तीनों पुर जिसमें समाहित है, वह त्रिपुर मां बाला सुंदरी है। इतना ही नहीं चैत्र मास की चौदस पर यहां विशाल मेले का आयोजन किया जाता है।

मेले से एक दिन पूर्व आता है आंधी तुफान-

मां श्री त्रिपुर बाला सुंदरी शक्ति पीठ की एक रहस्यपूर्ण बात यह है कि पीठ पर पूजा के मुख्य दिन चैत्र चौदस पर लगने वाले मेले की रात से पूर्व यहां पर आंधी व तूफान आता है तथा भारी वर्षा भी होती है। जिसके संदर्भ में मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा का कहना है कि ऐसा इसलिए होता है कि इस दौरान मां की बहनों का आना जाना होता है। जो सदैव शक्ति पीठ में ही विराजमान रहती हैं।

मां ने भंडसासुर का किया था वध- देवी कुंड का इतिहास में एक अलग ही महत्व है। क्योंकि इसी स्थान पर श्री त्रिपुर मां बाला सुंदरी ने महा दानव भंडसासुर का वध किया था, जो एक 105 ब्रह्मडों का अधिपति था।

देव भूमि का मिले दर्जा- मंदिर समिति के अध्यक्ष पंडित सतेंद्र शर्मा का कहना है कि आज तक भी किसी भी सरकार ने मंदिर के सौंदर्यीकरण के लिए कोई सहायता नहीं की। मंदिर की देखरेख का सारा खर्च मंदिर समिति स्वयं वहन कर रही है। वहीं पंडित गौरव विवेक का कहना है कि प्रदेश सरकार को इसका महत्व समझते हुए देवबंद को देव भूमि का दर्ज दे देना चाहिए।

साभार :  दैनिक जागरण 

Monday, October 15, 2012

माँ शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ श्रद्धा का धाम-MAA SHAKUMBHRI DEVI




माता शाकुम्भरी देवी शक्तिपीठ में भक्तों की गहरी आस्था है। उत्तर प्रदेश के सहारनपुर जिले में माता का सुंदर स्थान विराजमान है। सहारनपुर नगर से 25कि.मी तथा हरियाणा प्रांत के यमुनानगर से लगभग 50 कि.मी. दूर यह पावन धाम स्थापित है। शिवालिक पहाड़ियों के मध्य से बहती बरसाती नदी के बीच में मंदिर रूप में माता का दरबार सजा हुआ है। श्रद्धालुओं का विश्वास है कि माता उनकी हर प्रकार से रक्षा करती हैं तथा उनकी झोली सुख-संपत्ति से भर देती हैं। मंदिर के गर्भ गृह में मुख्य प्रतिमा माता शाकुम्भरी देवी की है। माता की दाईं तरफ माता भीमा देवी व भ्रामरी देवी और बाईं तरफ मां शताक्षी देवी विराजमान हैं।  

माता शाकुम्भरी अपने भक्तों द्वारा याद करने पर अवश्य आती हैं। इस संबध में एक प्राचीन कथा का उल्लेख आता है। एक समय में दुर्गम नाम का एक असुर था। उसने घोर तप द्वारा ब्रह्मदेव को प्रसन्न करके देवताओं पर विजय पाने का वरदान प्राप्त कर लिया। वर पाते ही उसने मनुष्यों पर अत्याचार करना प्रारंभ कर दिया। अंतत: वरदान के कारण उसने देवताओं पर भी विजय प्राप्त कर ली। चारों वेद भी दुर्गम ने इंद्र देव से छीन लिए। वेदों के ना होने पर चारों वर्ण कर्महीन हो गए। यज्ञ-होम इत्यादि समस्त कर्मकांड बंद होने से देवताओं का तेज जाता रहा, वे प्रभावहीन होकर जंगलों में जाकर छिप गए। प्रकृति के नियमों से छेड़ छाड़ होने पर सृष्टि में त्राहि-त्राहि मच गई। सारी पृथ्वी पर भयंकर सूखा पड़ गया जिस कारण सारी वनस्पतियां सूख गईं। खेतों में फसलें नष्ट हो गईं। ऐसी परिस्थितियों में देवता व मानव दोनों मिल कर मां अंबे की स्तुति करने लगे।

बच्चों की पुकार सुन कर मां ना आए ऐसा भला कभी हो सकता है? भक्तों की करुण आवाज पर माता भगवती तुरंत प्रकट हो गईं। देवताओं व मानवों की दुर्दशा देख कर मां के सौ नेत्रों से करुणा के आंसुओं की धाराएं फूट पड़ीं। सागरमयी आंखों से हजारों धाराओं के रूप में दया रूपी जल बहने के कारण शीघ्र ही सारी वनस्पतियां हरी-भरी हो गईं। पेड़ पौधे नए पत्तों व फूलों से भर गए। इसके तुरंत बाद माता ने अपनी माया से शाक, फल, सब्जियां व अन्य कई खाद्य पदार्थ उत्पन्न किये। जिन्हें खाकर देवताओं सहित सभी प्राणियों ने अपनी भूख-प्यास शांत की। समस्त प्रकृति में प्राणों का संचार होने लगा। पशु व पक्षी फिर से चहचहाने लगे। चारों तरफ शांति का प्रकाश फैल गया। इसके तुरंत बाद सभी मिलकर मां का गुणगान गाने लगे। चूंकि मां ने अपने शत अर्थात् सौ नेत्रों से करुणा की वर्षा की थी इसलिए उन्हें शताक्षी नाम से पुकारा गया। इसी प्रकार विभिन्न शाक आहार उत्पन्न करने के कारण भक्तों ने माता की शाकुम्भरी नाम से पूजा-अर्चना की।
अंबे भवानी की जय-जयकार सुनकर मां का एक परम भक्त भूरादेव भी अपने पांच साथियों चंगल, मंगल, रोड़ा, झोड़ा व मानसिंह सहित वहां आ पहुंचा। उसने भी माता की अराधना गाई। अब मां ने देवताओं से पूछा कि वे कैसे उनका कल्याण करें? इस पर देवताओं ने माता से वेदों की प्राप्ति के लिए प्रार्थना की, ताकि सृष्टि का संचालन सुचारु रूप से चल सके। इस प्रकार मां के नेतृत्व में देवताओं ने फिर से राक्षसों पर आक्रमण कर दिया। युद्ध भूमि में भूरादेव और उसके साथियों ने दानवों में खलबली मचा दी। इस बीच दानवों के सेनापति शुम्भ निशुम्भ का भी संहार हो गया। ऐसा होने पर रक्तबीज नामक दैत्य ने मारकाट मचाते हुए भूरादेव व कई देवताओं का वध कर दिया। रक्तबीज के रक्त की जितनी बंूदें धरती पर गिरतीं उतने ही और राक्षस प्रकट हो जाते थे। तब मां ने महाकाली का रूप धर कर घोर गर्जना द्वारा युद्ध भूमि में कंपन उत्पन्न कर दिया। डर के मारे असुर भागने लगे। मां काली ने रक्तबीज को पकड़ कर उसका सिर धड़ से अलग कर दिया। उसके रक्त को धरती पर गिरने से पूर्व ही मां ने चूस लिया। इस प्रकार रक्तबीज का अंत हो गया। अब दुर्गम की बारी थी। रक्तबीज का संहार देखकर वह युद्ध भूमि से भागने लगा परंतु मां उसके सम्मुख प्रकट हो गई। दुर्गा ने उसकी छाती पर त्रिशूल से प्रहार किया। एक ही वार में दुर्गम यमलोक पहुंच गया। अब शेर पर सवार होकर मां युध्द भूमि का निरीक्षण करने लगीं। तभी मां को भूरादेव का शव दिखाई दिया। मां ने संजीवनी विद्या के प्रयोग से उसे जीवित कर दिया तथा उसकी वीरता व भक्ति से प्रसन्न होकर उसे वरदान दिया कि जो भी भक्त मेरे दर्शन हेतु आएंगे वे पहले भूरादेव के दर्शन करेंगे। तभी उनकी यात्रा पूर्ण मानी जाएगी। आज भी मां के दरबार से आधा कि.मी. पहले भूरादेव का मंदिर है। जहां पहले दर्शन किये जाते हैं।    
               
इस प्रकार देवताओं को अभयदान देकर मां शाकुम्भरी नाम से यहां स्थापित हो गईं। माता के मंदिर में हर समय श्रद्धालुओं का तांता लगा रहता है। नवरात्रों व अष्टमी के अवसर पर यहां अत्यधिक भीड़ होती है। हरियाणा, उत्तर प्रदेश व आसपास के कई प्रदेशों के निवासियों में माता को कुल देवी के रूप में पूजा जाता है। परिवार के हर शुभ कार्य के समय यहां आकर माता का आशीर्वाद प्राप्त किया जाता है। लोग धन धान्य व अन्य चढ़ावे लेकर यहां मनौतियां मांगने आते हैं। उनका अटूट विश्वास है कि माता उनके परिवार को भरपूर प्यार व खुशहाली प्रदान करेंगी। हर मास की अष्टमी व चौदस को बसों, ट्रकों व ट्रैक्टर टालियों में भर कर श्रद्धालु यहां आते हैं। स्थान-स्थान पर भोजन बनाकर माता के भंडारे लगाए जाते हैं। माता के मंदिर के इर्द-गिर्द कई अन्य मंदिर भी हैं।

साभार : पांचजन्य, अभिनव 

Tuesday, August 21, 2012

अवंतिका देवी मंदिर रुक्मिणी हरण-स्थल





अवंतिका देवी का मंदिर उ.प्र. में बुलंदशहर जनपद की अनूपशहर तहसील के अंतर्गत जहांगीराबाद से 15 किमी. दूर पतित पावनी गंगा नदी के तट पर निर्जन स्थान पर स्थित है। यहां न कोई ग्राम  है, न कस्बा है। यहां पर मां अवंतिका देवी के श्रद्धालु भक्तजनों द्वारा यात्रियों के ठहरने हेतु बनवायी गईं धर्मशालाएं, साधु-संतों की कुटिया तथा आश्रम हैं। आधुनिक चकाचौंध से दूर, कोलाहल से रहित, प्रदूषण-मुक्त प्रकृति का सुंदर, सुरम्य वातावरण तथा पतित पावनी गंगा नदी का सान्निध्य होने के कारण यह स्थल साधु-संतों की साधना एवं तपोस्थली बनी हुई है। पश्चिमी उत्तर-प्रदेश, दिल्ली, हरियाणा एवं राजस्थान आदि प्रदेशों से प्रतिवर्ष लाखों श्रद्धालु यहां की यात्रा करते हैं।

अवंतिका देवी के परम पवित्र मंदिर का महत्व एवं प्रसिद्धि बहुत अधिक है। पृथ्वी पर जितनी भी सिद्धपीठ हैं वह सब सतीजी के अंग हैं, लेकिन यह सिद्धपीठ सतीजी का अंग नहीं है। कहा जाता है कि इस सिद्धपीठ पर जगत जननी करुणामयी माता भगवती अवंतिका देवी (अम्बिका देवी) साक्षात् प्रकट हुई थीं। मंदिर में दो संयुक्त मूर्तियां हैं, जिनमें बाईं तरफ मां भगवती जगदम्बा की है और दूसरी दायीं तरफ सतीजी की मूतिर् है। यह दोनों मूर्तियां 'अवंतिका देवी' के नाम से प्रतिष्ठित हैं। मां भगवती अवंतिका देवी को पोशाक वस्त्रादि नहीं चढ़ाया जाता है, अपितु सिन्दूर व देशी घी का चोला (आभूषण) चढ़ाया जाता है। ऐसी मान्यता है कि जो भी भक्त मां भगवती अवंतिका देवी पर सिन्दूर व देशी घी का चोला चढ़ाता है, माता अवंतिका देवी उसकी समस्त मनोकामना पूर्ण करती हैं। कुंआरी युवतियां अच्छे पति की कामना से माता अवंतिका देवी का पूजन करती हैं। कहा जाता है कि रुक्मिणी ने भगवान कृष्ण को पति रूप में प्राप्त करने के लिए इन्हीं अवंतिका देवी का पूजन किया था। यह भी कहा जाता है कि भगवान श्रीकृष्ण ने इसी मंदिर से रुक्मिणी की इच्छा पर उनका हरण किया था।

मां भगवती अवंतिका देवी मंदिर के अतिरिक्त यहां अन्य दर्शनीय स्थलों में रुक्मिणी कुण्ड, महानन्द ब्रह्मचारी का विशाल रुक्मिणी बल्लभ धाम आश्रम, यज्ञशाला तथा उनकी साधना स्थली है। इस अवंतिका देवी मंदिर तथा रुक्मिणी कुण्ड से एक पौराणिक कथा भी जुड़ी हुई है। यह कथा द्वापर युग की है तथा रुक्मिणी-कृष्ण विवाह से संबंधित है। किंवदंतियों के अनुसार बुलन्दशहर जनपद की तहसील अनूपशहर के अंतर्गत स्थित वर्तमान कस्बा अहार द्वापर युग में राजा भीष्मक की राजधानी कुण्डिनपुर नगर था। इस कुण्डिनपुर नगर के पूर्व में अवंतिका देवी का मंदिर, पश्चिम के दरवाजे पर शिवजी का मंदिर, उत्तर के दरवाजे पर पतित पावनी गंगाजी बह रही थीं तथा दक्षिण के दरवाजे पर एक बगीचा और हनुमान जी का मंदिर स्थित था। कुण्डिन नरेश महाराज भीष्मक के पांच पुत्र तथा एक सुंदर कन्या थी। सबसे बड़े पुत्र का नाम रुक्मी था और चार छोटे थे जिनके नाम क्रमश: रुक्मरथ, रुक्मबाहु, रुक्मकेश और रुक्मपाली थे। इनकी बहिन थीं सती रुक्मिणी।

राजकुमारी रुक्मिणी बाल्यावस्था से अपनी सहेलियों के साथ कुण्ड (रुक्मिणी कुण्ड) में स्नान करके माता अवंतिका देवी के मंदिर में जाकर माता अवंतिका देवी का नाना प्रकार से पूजन करती थीं। पूजन करने के पश्चात् प्रतिदिन माता भगवती अवंतिका देवी से प्रार्थना करती थीं, 'हे जगतजननी! हे करुणामयी मां भगवती!! मुझे श्रीकृष्ण ही वर के रूप में प्राप्त हों।' राजकुमारी रुक्मिणी जब विवाह योग्य हुईं तो उनके पिता राजा भीष्मक को उनके विवाह की चिंता हुई। राजा भीष्मक को जब यह मालूम हुआ कि रुक्मिणी श्रीकृष्ण को पति के रूप में चाहती हैं तो वह इस विवाह के लिए सहर्ष तैयार हो गये। जब इस विवाह के बारे में राजा भीष्मक के सबसे बड़े पुत्र रुक्मी को मालूम हुआ तो उसने श्रीकृष्ण-रुक्मिणी विवाह का विरोध किया। राजकुमार रुक्मी ने सती रुक्मिणी का विवाह चेदि नरेश राजा दमघोष के पुत्र शिशुपाल से उनके हाथ में मौहर बांधकर तय कर दिया। शिशुपाल ने अपनी सेना को विवाह से तीन दिन पहले ही कुण्डिनपुर के चारों ओर तैनात कर दिया और हुक्म दिया कि श्रीकृष्ण को देखते ही बंदी बना लिया जाए। राजकुमारी को जब यह मालूम हुआ कि उनका बड़ा भाई रुक्मी उनका विवाह शिशुपाल के साथ करना चाहता है तो वह बहुत दु:खी हुई।

राजकुमारी रुक्मिणी ने एक ब्राह्मण के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण के पास द्वारिका संदेश भेजा कि उसने मन ही मन श्रीकृष्ण को पति के रूप में वरण कर लिया है, परंतु उसका बड़ा भाई रुक्मी उसका विवाह उसकी इच्छा के विरुद्ध, जबरन चेदि के राजा के पुत्र शिशुपाल के साथ करना चाहता है। इसलिए वह वहां आकर उसकी रक्षा करे। रुक्मिणी की रक्षा की गुहार पर भगवान श्रीकृष्ण अहार पहुंचे तथा रुक्मिणी की इच्छानुसार इसी माता अवंतिका देवी मंदिर से रुक्मिणी का हरण उस समय किया जब वह मंदिर में पूजन करने गयी थीं।

जब श्रीकृष्ण रुक्मिणी को रथ में बैठाकर द्वारिका के लिए चले तो उनको राजा शिशुपाल, जरासिन्ध तथा राजकुमार रुक्मी की सेनाओं ने चारों ओर से घेर लिया। उसी समय उनकी मदद के लिए उनके बड़े भाई बलराम भी अपनी सेना लेकर आ गये। घोर-युद्ध हुआ। युद्ध में राजा शिशुपाल आदि की सेनाएं हार गयीं। उसी समय से कुण्डिनपुर का नाम अहार पड़ गया।

अवंतिका देवी मंदिर के पीछे उ.प्र. सरकार के पर्यटन विभाग ने एक धर्मशाला का निर्माण कराया है तथा अनेक धार्मिक भक्तों ने यात्रियों के लिये स्थान बनाये हैं। अब यहां पर स्वामी महानन्द ब्रह्मचारी जी की कृपा से एक संस्कृत पाठशाला, मन्दिर और गऊशाला भी बनी है।

साभार : महेशचंद्र शर्मा, पाञ्चजन्य